प्रदेश में वीबी-जी राम जी योजना का शुभारंभ, गांवों में रोजगार और विकास को मिलेगी नई गति


प्रदेश में वीबी-जी राम जी योजना का शुभारंभ, गांवों में रोजगार और विकास को मिलेगी नई गति

ग्रामीण विकास और रोजगार को मिलेगा नया संबल : विधायक श्री धर्मजीत सिंह

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाएगी वीबी-जी राम जी योजना : विधायक श्री सुशांत शुक्ला

जिला स्तरीय कार्यक्रम में हितग्राहियों को किया गया सम्मानित*
बिलासपुर न्यूज /विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) (वीबी-जी राम जी) योजना का शुभारंभ आज आंध्र प्रदेश के तिरुपति से केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किया गया। इसके साथ ही जिला स्तरीय कार्यक्रम स्थानीय प्रार्थना सभा भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तखतपुर विधायक श्री धर्मजीत सिंह तथा अध्यक्षता बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने की।
 कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, पूर्व विधायक श्री कृष्णमूर्ति बांधी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती ललिता संतोष कश्यप, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल, जिला पंचायत सभापति श्रीमती नीरज भारती माली, श्री गोविंद यादव, जिला पंचायत सदस्य श्री दमोदर कांत, बिल्हा जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री रामकुमार कौशिक, उपाध्यक्ष श्री विक्रम सिंह, श्री जागेंद्र कश्यप, श्री चंद्रप्रकाश सूर्या सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, स्व-सहायता समूहों की दीदियां एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

ग्रामीण विकास और रोजगार को मिलेगा नया संबल
मुख्य अतिथि श्री धर्मजीत सिंह ने कहा कि वीबी-जी राम जी योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आजीविका संवर्धन और आधारभूत अधोसंरचना के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से गांवों में स्थायी प्रकृति के विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीणों को अपने गांव में ही रोजगार उपलब्ध होगा और पलायन पर प्रभावी रोक लगेगी। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों को अपनी संपत्ति समझकर उनकी गुणवत्ता बनाए रखने तथा संरक्षण में सहभागी बनने की अपील की।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाएगी वीबी-जी राम जी योजना
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने कहा कि वीबी-जी राम जी योजना को वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों की रोजगार की गारंटी मिलेगी। रोजगार की मांग के बाद निर्धारित समय में कार्य उपलब्ध नहीं होने पर बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। मजदूरी का भुगतान एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा तथा महिलाओं के लिए विशेष प्रावधान भी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि योजना गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ाने, पलायन रोकने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने सभी लोगों से अपने जीवन के विशेष अवसरों पर एक पौधा लगाने तथा उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील की।
 जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि वीबी-जी राम जी योजना ग्रामीण विकास को नई दिशा देने वाली महत्वाकांक्षी योजना है। इसके माध्यम से गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, आधारभूत अधोसंरचना मजबूत होगी और ग्रामीणों की आजीविका को नया संबल मिलेगा। उन्होंने कहा कि योजना का सफल क्रियान्वयन जनप्रतिनिधियों, पंचायतों और ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता से ही संभव है। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि समय की आवश्यकता और ग्रामीण विकास की बदलती जरूरतों के अनुरूप इस योजना को लागू किया गया है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक स्थायी प्रकृति के विकास कार्य कराए जाएंगे, जिससे आधारभूत अधोसंरचना मजबूत होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों का विस्तार होगा।
 जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि श्रमिकों को प्रतिदिन 300 रुपये मजदूरी मिलेगी। उन्होंने बताया कि समयबद्ध भुगतान, पारदर्शी क्रियान्वयन एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्यों के माध्यम से ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।

*मनरेगा हितग्राहियों का सम्मान*
कार्यक्रम में वीबी-जी राम जी योजना के विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर मनरेगा के हितग्राहियों को सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा गांवों के विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। 
// रितेश केशरी कि रिपोर्ट बिलासपुर छ ग //