25 जून तक करें आवेदन : मस्तूरी जनपद पंचायत में 7 जलाशयों के मत्स्य पालन पट्टों के लिए आमंत्रित किए गए आवेदन
25 जून तक करें आवेदन : मस्तूरी जनपद पंचायत में 7 जलाशयों के मत्स्य पालन पट्टों के लिए आमंत्रित किए गए आवेदन
बिलासपुर मस्तूरी न्यूज / जनपद पंचायत मस्तूरी द्वारा मत्स्य पालन को बढ़ावा देने तथा स्थानीय मत्स्य समूहों एवं युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद क्षेत्र के विभिन्न जलाशयों एवं तालाबों का 10 वर्षीय पट्टा आवंटन किया जा रहा है। इच्छुक पात्र आवेदकों से 25 जून 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जनपद पंचायत मस्तूरी द्वारा जारी सूचना के अनुसार रामअवतार, फूटहा मुड़ा, बंधवा, जेतपुरी, सेमराडीह, मोंगरा एवं चिरसा जलाशयों का पट्टा मत्स्य पालन हेतु निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रदान किया जाएगा। पट्टा आवंटन की प्रक्रिया छत्तीसगढ़ आदर्श मत्स्य पालन नियम, 2022 के प्रावधानों के अनुरूप संपादित की जाएगी।निर्धारित प्राथमिकता के अनुसार पंजीकृत मत्स्य सहकारी समितियों, मछुआ समूहों, महिला स्व-सहायता समूहों, मत्स्य कृषकों तथा मत्स्य पालन में प्रशिक्षित बेरोजगार युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।अनुसूचित जनजाति क्षेत्रों में संबंधित वर्ग के पंजीकृत समूहों एवं समितियों को भी नियमानुसार प्राथमिकता का लाभ मिलेगा।
जनपद पंचायत ने इच्छुक आवेदकों से समय-सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन प्रस्तुत करने का आग्रह किया है। इस पहल से क्षेत्र में मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ ग्रामीणों की आय में वृद्धि एवं रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। जनपद पंचायत मस्तूरी ने पात्र हितग्राहियों, समितियों एवं स्व-सहायता समूहों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए 25 जून 2026 तक अपना आवेदन जमा करें।
// रितेश केशरी कि रिपोर्ट बिलासपुर छ ग //





