उप संचालक ने किया डिजिटल क्रॉप सर्वे का मौके पर सत्यापन किसानों को फसल विविधीकरण के लिए किया प्रोत्साहित
उप संचालक ने किया डिजिटल क्रॉप सर्वे का मौके पर सत्यापन
किसानों को फसल विविधीकरण के लिए किया प्रोत्साहित
बिलासपुर न्यूज /कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देशानुसार जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण (डीसीएस) के तहत फसल स्थिति के सत्यापन का कार्य जारी है। इसी क्रम में उप संचालक कृषि श्री एम.आर. तिग्गा ने तखतपुर के विजयपुर उप तहसील अंतर्गत ग्राम विजयपुर और दर्री में सर्वेक्षित 1 प्रतिशत खसरों का मौके पर पहुंचकर सत्यापन किया।
सत्यापन के दौरान खेतों में फसलों की वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया गया। पर्याप्त वर्षा के कारण फसलों की स्थिति अच्छी पाई गई। निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार का उल्लेखनीय कीट प्रकोप भी नहीं मिला। उप संचालक कृषि ने ग्राम विजयपुर एवं दर्री के किसानों से फसल विविधीकरण के संबंध में चर्चा की। उन्होंने धान के स्थान पर अरहर की फसल लेने वाले किसान के प्रयास की सराहना की और अन्य किसानों को भी कम अवधि वाली दलहन एवं तिलहन फसलों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने आगामी रबी मौसम में ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर दलहन एवं तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाने तथा फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने पर जोर दिया।इस दौरान अनुविभागीय कृषि अधिकारी कु. समीधा यादव, सहायक सांख्यिकी अधिकारी कु. श्रेया मिश्रा एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री सी.पी. महिलाने उपस्थित रहे।
// रितेश केशरी कि रिपोर्ट बिलासपुर छ ग//





