शहर के कुदुदंड स्थित शिव चौक के पास सड़क घेरकर जन्मदिन मनाने और हंगामा करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर

शहर के कुदुदंड स्थित शिव चौक के पास सड़क घेरकर जन्मदिन मनाने और हंगामा करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर

बिलासपुर। शहर के कुदुदंड स्थित शिव चौक के पास सड़क घेरकर जन्मदिन मनाने और हंगामा करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ कार्रवाई की है। वीडियो में दिखा कि जब एक राहगीर ने इसका विरोध किया, तो युवकों ने उससे बहस भी की। यह वीडियो घटना के लगभग एक सप्ताह बाद इंटरनेट पर सामने आया। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए मोटर व्हीकल एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत तीनों युवकों पर मामला दर्ज किया। आरोपितों को थाने लाकर कान पकड़वाया गया और उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की गई।

सड़क पर जीप खड़ी कर मनाया था जन्मदिन
सीएसपी निमितेष सिंह के अनुसार, कुदुदंड के रहने वाले आशीष साहू, शुभ राव जड़ीत और हिमांशु गुप्ता 21 नवंबर की रात शिव चौक के पास जन्मदिन मना रहे थे। इस दौरान उन्होंने बीच सड़क पर जीप खड़ी कर दी, जिससे आवागमन बाधित हो रहा था। लोगों के विरोध पर भी वे अनुमति लेने की बात कहते हुए रुकने को तैयार नहीं हुए। करीब एक सप्ताह बाद इसका वीडियो वायरल होने पर मोहल्ले में रहने वाले एक ट्रांसपोर्टर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर तीनों युवकों को हिरासत में लेकर कार्रवाई की गई।

नदी किनारे स्टंट करने का वीडियो भी वायरल
इसी बीच रिवर व्यू क्षेत्र में कार का दरवाजा खोलकर स्टंट करता एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। बताया गया कि युवक ने ड्रोन से यह वीडियो बनवाया था। वीडियो सामने आने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने संबंधित युवक और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया। सिविल लाइन सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि वीडियो में निरतू, थाना सीपत निवासी 21 वर्षीय प्रसुन यादव कार का दरवाजा खोलकर स्टंट करता दिख रहा था। कार उसके गांव के ही आदित्य राणा द्वारा चलाई जा रही थी। पुलिस ने तीनों के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की है।

// रितेश केशरी कि रिपोर्ट बिलासपुर छ ग //