सेवा सेतु कार्यक्रम में 200 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण वितरित
सेवा संकल्प अभियान
सेवा सेतु कार्यक्रम में 200 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण वितरित
बिलासपुर विधायक श्री अमर अग्रवाल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए
बिलासपुर, न्यूज /सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा सेतु कार्यक्रम का आयोजन समाज कल्याण विभाग एवं मुख्यमंत्री दिव्याशा केन्द्र के सौजन्य से शासकीय प्राथमिक शाला लोधीपारा, सरकंडा में किया गया। कार्यक्रम में 200 चिन्हांकित दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को व्हील चेयर, श्रवण यंत्र, बैसाखी, स्मार्ट फोन, स्मार्ट केन, कमर पट्टा एवं अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इस अवसर पर बिलासपुर विधायक श्री अमर अग्रवाल, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, पार्षद श्रीमती सरिता परिहार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, श्री दीपक सिंह, अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि विधायक श्री अमर अग्रवाल ने कहा कि शासन द्वारा दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए निरंतर कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजनों की गतिशीलता एवं आत्मनिर्भरता बढ़ाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदान किए गए उपकरणों के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त करने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान एक दिवसीय शिविर में नए दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों का चिन्हांकन कर उन्हें भी आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण प्रदान किए गए। उपकरण प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने शासन की इस पहल के लिए प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आभार जताया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सौम्या रंजन (पीएमडीके) द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में संयुक्त संचालक समाज कल्याण श्री तिलकेश भावे ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री दिव्यांग सहायता केन्द्र एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
// रितेश केशरी कि रिपोर्ट बिलासपुर छ ग//





