तखतपुर विधायक श्री धर्मजीत सिंह ने दिलाया स्वच्छ और हरित ग्राम निर्माण का संकल्प
तखतपुर विधायक श्री धर्मजीत सिंह ने दिलाया स्वच्छ और हरित ग्राम निर्माण का संकल्प
बिलासपुर न्यूज /विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज तखतपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत बेलपान में आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्री धर्मजीत सिंह ने हरित ग्राम निर्माण का संकल्प दिलाया। जिले के समस्त ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। ग्राम सभाओं में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर विशेष चर्चा करते हुए ग्रामीणों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संदेश दिया गया।
तखतपुर विधायक श्री धर्मजीत सिंह ने इस अवसर पर कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता केवल एक दिवस का अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा सतत प्रयास है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। ग्राम सभाओं में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत साफ-सफाई बनाए रखने, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक मुक्त ग्राम निर्माण तथा सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाकर ही स्वच्छ, सुंदर और विकसित ग्रामों की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने ग्रामीणों में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश प्रसारित किया। बेलपान में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती ललिता संतोष कश्यप, तखतपुर जनपद अध्यक्ष श्रीमती माधवी वस्त्रकार, सीईओ जिला पंचायत श्री संदीप अग्रवाल सहित जिले एवं जनपद के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छाग्राही तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे
// रितेश केशरी कि रिपोर्ट बिलासपुर छ ग //





