सुशासन तिहार में बदली जिंदगी की राह, छात्रा शशि को शिक्षा और किसान बहोरन को खेती के लिए मिला सहयोग
सुशासन तिहार में बदली जिंदगी की राह, छात्रा शशि को शिक्षा और किसान बहोरन को खेती के लिए मिला सहयोग
बिलासपुर न्यूज /आर्थिक चुनौतियों के बीच जीवन को बेहतर बनाने की राह तलाश रहे दो परिवारों के लिए सुशासन शिविर नई उम्मीद लेकर आया। मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना से छात्रा कुमारी शशि साहू को शिक्षा जारी रखने के लिए आर्थिक सहयोग मिला, वहीं किसान बहोरन लाल कौशिक को खेती-किसानी के लिए ऋण सहायता प्राप्त हुई। शासन की योजनाओं से मिली इस मदद ने न केवल उनकी तत्काल जरूरतों को पूरा किया, बल्कि उन्हें अपने भविष्य को लेकर नया आत्मविश्वास भी दिया।
तखतपुर विकासखण्ड के गनियारी में आयोजित सुशासन शिविर में रानीपारा निवासी कुमारी शशि को मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। कुमारी शशि ने बताया कि उनके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पढ़ाई जारी रखने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। योजना के तहत मिली सहायता राशि से उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि शासन की इस पहल से बेटियों को आत्मनिर्भर बनने और अपने सपनों को साकार करने में मदद मिल रही है। गनियारी के श्री बहोरन लाल कौशिक को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के माध्यम से 36 हजार रुपये की राशि का चेक प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि वे इस ऋण राशि का उपयोग खेती-किसानी से जुड़े कार्यों में करेंगे, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि समय पर ऋण उपलब्ध होने से किसानों को आर्थिक संबल मिलता है और खेती के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करना आसान हो जाता है। बहोरन लाल ने शासन की किसान हितैषी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम में लाभान्वित हितग्राहियों ने शासन द्वारा संचालित योजनाओं के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
// रितेश केशरी कि रिपोर्ट बिलासपुर छ ग /





