मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 7 से 10 सितंबर तक मथुरा-वृंदावन जाएंगे 386 तीर्थयात्री
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 7 से 10 सितंबर तक मथुरा-वृंदावन जाएंगे 386 तीर्थयात्री
सितम्बर तक जनपद एवं नगरीय निकायों में आवेदन आमंत्रित
बिलासपुर न्यूज / मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत बिलासपुर जिले से 375 तीर्थयात्री एवं 11 शासकीय अनुरक्षक सहित कुल 386 लोगों का दल 7 सितंबर को मथुरा, वृंदावन एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन के लिए रवाना होगा। यात्रा 10 सितंबर 2026 तक चलेगी। इसमें 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वृद्धजन, उनके जीवनसाथी, विधवा एवं परित्यक्त हितग्राही शामिल होंगे।
योजना के तहत इच्छुक पात्र हितग्राहियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र संबंधित जनपद पंचायत, नगर पंचायत, नगरपालिका अथवा निगम के जोन कार्यालयों में 1 सितंबर 2026 तक जमा करना होगा। आवेदन के साथ दो नवीन पासपोर्ट साइज फोटो, निवास प्रमाण के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा मतदाता पहचान पत्र, शासकीय चिकित्सक का फिटनेस प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज मान्य होंगे।
निर्धारित अवधि में प्राप्त आवेदनों का परीक्षण संबंधित जनपद पंचायत, नगर पंचायत एवं नगरीय निकाय द्वारा किया जाएगा। परीक्षण के बाद सभी आवेदन 2 सितंबर 2026 तक कार्यालय संयुक्त संचालक, समाज कल्याण विभाग, कक्ष क्रमांक 04, पुराना कम्पोजिट भवन, बिलासपुर में जमा करना होगा। समाज कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक श्री तिलकेश भावे ने पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा में आवेदन प्रस्तुत करें तथा आवेदन पत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना सुनिश्चित करें, ताकि चयन एवं तीर्थयात्रा की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
// रितेश केशरी कि रिपोर्ट बिलासपुर छ ग//





