योग को जन-जन की दिनचर्या बनाने का संकल्प, 21 जून को बहतराई स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय आयोजन  


योग को जन-जन की दिनचर्या बनाने का संकल्प, 21 जून को बहतराई स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय आयोजन
 
योग दिवस की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली बैठक

*शसफलता के लिए विभागीय अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी


बिलासपुर न्यूज /अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को बी.आर. यादव स्मृति राज्य स्तरीय खेल परिसर, बहतराई स्थित इंडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम योगा फॉर हेल्दी एजिंग रखी गई है। कार्यक्रम में प्रातः 7 बजे से सामूहिक योगाभ्यास, योग आसनों का प्रदर्शन तथा स्वास्थ्य एवं जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज मंथन सभा कक्ष में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल सहित योग कार्यक्रमों से जुड़े स्थानीय संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित थे।  
 बैठक में विभागीय अधिकारियों के साथ स्थानीय योग कार्यक्रम से जुड़ी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कलेक्टर ने सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि योग दिवस का आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। कलेक्टर ने विशेष रूप से विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों एवं युवाओं को योग से जोड़ना आवश्यक है, ताकि योग उनकी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बन सके। उन्होंने सभी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों से व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
 बैठक में बताया गया कि इस वर्ष योग दिवस का आयोजन आयुष मंत्रालय के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। कार्यक्रम से संबंधित गतिविधियों एवं सहभागिता की जानकारी निर्धारित पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इसके लिए टोल फ्री नंबर 18003157008 भी जारी किया गया है, जिसके माध्यम से नागरिक आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में पांच प्रमुख संस्थाओं के प्रशिक्षकों द्वारा सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्थान की प्रशिक्षिका मंजू दीदी ने योग दिवस की रूपरेखा, योगाभ्यास की प्रक्रिया एवं कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इसके अलावा पतंजलि, ऑर्ट ऑफ लिविंग, ब्रम्हाकुमारी संस्थान, गायत्री परिवार, छत्तीसगढ़ योग आयोग के प्रतिनिधियांे ने भी कार्यक्रम की सफलता के लिए सुझाव दिए। विभागीय अधिकारियों को भी कार्यक्रम की सफलता के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जिले के सभी जनपद पंचायतों, नगरीय निकायों एवं शैक्षणिक संस्थानों में भी योग दिवस के आयोजन के निर्देश दिए गए हैं।
 योग दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए पौधरोपण, बीज वितरण, स्वच्छता अभियान एवं पर्यावरण जागरूकता गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा। साथ ही एनएसएस, एनसीसी, स्काउट-गाइड, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से 21 जून को प्रातः निर्धारित समय पर बहतराई स्टेडियम पहुंचकर योग दिवस कार्यक्रम में सहभागी बनने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है। 

// रितेश केशरी कि रिपोर्ट बिलासपुर छ ग //